मेरी हर धड़कन भारत के लिए है...

सोमवार, 30 जनवरी 2012

इन्टरनेट और भाषा

        अब से कुछ साल पहले तक यह कहा जाता था कि इन्टरनेट ने भौगोलिक और भाषाई बंधनों को तोड़ दिया है पर आज जब तेज़ी से बढ़ते हुए बाजारों की बात की जाती है तो यह स्पष्ट हो जाता है कि यह बंधन नहीं बल्कि इन्टरनेट पर पूरी दुनिया के लिए आगे बढ़ने का अवसर भी है. भारत में अभी तक मुख्य रूप से अंग्रेजी को ही नेट की भाषा माना जाता था जिस कारण से शुरुवाती चरणों में इन्टरनेट के विकास की गति कम ही रही पर जैसे जैसे नेट से होने वाली सुविधा का लोगों को पता चला तो उन्हें रोज़ के कामों को निपटाने के लिए भी इसकी ज़रुरत पड़ने लगी अब ऐसा तो नहीं हो सकता है कि बाज़ार कुछ मांगें और बेचने वाली कम्पनियाँ उसे उपलब्ध न कराएँ ? बस इसी के साथ शुरू हो जाती है बाज़ार आधारित अर्थव्यवस्था जो किसी भी बड़े से बड़े संगठन या व्यापारिक प्रतिष्ठान को कुछ भी करने के लिए राज़ी कर दिया करती है. हमारे देश में शिक्षा की जो स्थिति आज भी है उसमें कोई बहुत आशावादी तस्वीर तो सामने नहीं आती है पर बाज़ार के लिए अपने पैर जमाने के लिए इसमें बड़ी संभावनाएं निकल कर आगे आ गयी हैं जिस कारण से ही आज नेट कंटेंट के मामले में भारतीय भाषाओं की भी सुनी जा रही है.
     एक आंकलन के अनुसार अंग्रेजी में जो भी विकास होना था व हो चुका है और अगर इन नेट कंटेंट देने वाली कंपनियों को आगे बढ़ना है तो उन्हें अब भारतीय भाषाओं पर ध्यान देना ही होगा क्योंकि जिस तरह से भारत बढ़ती हुई आर्थिक ताकत बन चुका है उस परिस्थिति में किसी के लिए भी इसकी अनदेखी करना बहुत भारी पड़ सकता है. इस सबसे जो अच्छा होने वाला है वह या कि जो भारतीय भाषाएँ आज तक केवल नेताओं की राजनीति की भेंट चढ़ जाया करती थीं आज वे अपने आप ही बिना किसी शोर शराबे के आगे बढ़ रही हैं जिससे भाषा का भला तो हो ही रहा है साथ ही शिक्षापरक रोज़गार भी  मिलने की सभावनाएं खुल गयी हैं. अभी तक जो काम केवल अंग्रेज़ी में होने के कारण चंद लोगों को रोज़गार के अवसर मिला करते थे वहीं अब नेट पर लगभग सभी भारतीय भाषाओं के तीव्र विकास के कारण इन भाषाओं के साथ अंग्रेज़ी जानने वालों के लिए भी विकास के नए आयाम खुल गए हैं. अब इस स्थिति का ढंग से उपयोग किया जाये तो भारतीय भाषाओं के विकास में जो बातें आज तक पाँव की बेडी का काम किया करती थीं अब नयी परिस्थितियों में वह आगे बढ़ने का पतवार भी बन सकती हैं. 
    अब सही समय है कि सरकारी स्तर पर जो भी प्रयास इस काम के लोए किये जा रहे हैं उन्हें इन बन्धनों से मुक्त कर दिया जाये और भाषा को अवरोध के स्थान पर अवसर के रूप में देखना शुरू किया जाए क्योंकि अब तुच्छ राजनीति के स्थान पर आगे बढ़ने के राजमार्ग की तरफ देखने का समय आ गया है और जब तक हम सभी भारतीय वैश्विक नेट समुदाय की इस मजबूरी को अपने हित में मोड़ना नहीं सीखेंगें तब तक हमारे लिए आने वाले अवसर रुकते ही चले जायेंगें. भाषा को कभी भी इस तरह से अवरोधक के रूप में नहीं देखना चाहिए पर देश की राजनीति ने इन अवसरों को बहुत बार ख़राब किया है पर अब जब नेट ने यह बाधा तोड़ ही दी है तब इस तरह की बातें करना ही बेमानी है. अब देश में शिक्षा को इस तरह से आगे बढ़ाना होगा जिससे वह देश की भाषाओं को समृद्ध करने का काम करे और पूरे देश में प्राथमिक शिक्षा के स्तर से ही मातृभाषा के साथ एक अन्य भाषा पढ़ाए जाने को कानूनन अनिवार्य बना दिया जाना चाहिए जिससे हमारे पूरे देश में आने वाली पीढ़ी कम से कम एक और भारतीय भाषा के ज्ञान के साथ रोज़गार पाकर आगे बढ़ने में गर्व का अनुभव कर सकेगी.      
मेरी हर धड़कन भारत के लिए है...

रविवार, 29 जनवरी 2012

मतदान और मणिपुर


     मणिपुर में कल हुए चुनाव में जिस तरह से छुटपुट हिंसा के बीच ८२ % मतदान की ख़बर आई है वह निश्चित तौर पर अच्छी है क्योंकि आज जब चुनाव आयोग हर स्थिति में वोट प्रतिशत बढाने की कोशिशों में लगा हुआ है तो उसमें इतने वोट पड़ना ही महत्वपूर्ण है. मणिपुर जिस तरह से आतंकियों से प्रभावित क्षेत्र रहा है और वहां पर जिस तरह से दुर्गम इलाके भी हैं उनमें मतदान का इतना प्रतिशत वास्तव में आयोग के साथ पूरे देश लिए अच्छी ख़बर है. आज आयोग हर तरह से इस बात का प्रयास कर रहा है की किसी भी तरह से अधिक से अधिक मतदाता आगे आकर चुनाव में अपने मनपसंद प्रत्याशी को वोट दें क्योंकि पिछले कुछ चुनावों में मतदाताओं की उदासीनता के कारण कम वोट पड़ते हैं और इसका सबसे बड़ा नुकसान यह होता है कि जो अपने वोट किसी भी प्रकार डलवा लेते है वे जीत जाते हैं और उसके कारण देश को अच्छे राजनेता भी नहीं मिल पाते हैं और जो प्रत्याशी हिम्मत करके सामने आते भी है उनको वोट देने वाले घरों में बैठे रहते हैं. 
     आज हर देशवासी का यह कर्त्तव्य है कि वह मतदान के दिन घर से निकले और देश के भविष्य के लिए अच्छे प्रत्याशी को वोट देने का प्रयास करे क्योंकि जिस तरह से राजनीति में असामाजिक तत्व हावी होते जा रहे हैं उसके बाद किसी के लिए भी यह सोचना और कहना मुश्किल है कि बिना मत दिए देश की इस दशा को कैसे सुधार जाये ? आज इस तरह के असामाजिक तत्व अगर संसद और विधान मंडलों में जगह बना पाने में सफल हो रहे हैं तो उसके पीछे आम मतदाता ही अधिक ज़िम्मेदार है क्योंकि अब आयोग द्वारा इस बात की पूरी व्यवस्था की जाने लगी है कि पूरी तरह से स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान ही हो जिससे किसी को भी अपने मत का प्रयोग करने में कोई परेशानी न हो. आयोग द्वारा असामाजिक तत्वों को रोकने के लिए जो भी कदम उठाये जाते हैं उनसे आम लोगों को भी परेशानी होती है अपर देश के लिए अच्छे लोगों को चुनने के लिए एक दिन की यह परेशानी कोई मायने नहीं रखती है. आज जिस तरह से बाहुबलियों के दुर्ग में आयोग द्वारा सुरक्षा का एहसास जगाया जाता है उससे आम लोगों में वोट देने का साहस आता है.
     देश तभी आगे बढ़ सकेगा जब चुनाव के समय आम मतदाता घरों से बाहर निकल कर अपने और देश के लिए अच्छे प्रत्याशी को चुनेगा और आयोग ने अब इस बात की पूरी व्यवस्था कर ली है कि किसी भी तरह से किसी को भी मत देने से कोई भी रोक न सके तो अब यह हमारी ज़िम्मेदारी बनती है कि हम भी आगे बढ़कर देश का भविष्य चुनने में पूरी कोशिश करें क्योंकि जब तक आम नागरिक वोटर के रूप में जागरूक होकर अपने कर्तव्य को नहीं समझेगा तब तक किसी भी दशा में इस स्थिति को बदला नहीं जा सकेगा क्योंकि आयोग जो कुछ भी कर सकता था उसने कर दिया है और अब उसने यह ज़िम्मेदारी आम वोटरों पर दाल दी है कि वे अपने कर्तव्य को समझें और आगे आकर देश के लिए मत दें. आनेवाले समय में यह स्थिति अब केवल अच्छे मतदान प्रतिशत से ही बदली जा सकती है क्योंकि बिना इसके अब देश में कुछ भी ठीक नहीं होने वाला है.  
मेरी हर धड़कन भारत के लिए है...

मेरे बारे में

मेरा फोटो
कर्म से चिकित्सक और बहुत कुछ करने की आशा के साथ जीवन की अनवरत यात्रा पर बढ़ने का क्रम जारी.....

LinkWithin

Related Posts with Thumbnails